पीड़ितों से अभद्रता करने के आरोप में महिला कांस्टेबल को एसपी ने किया निलंबित

हापुड़ ।
थाना महिला थाने में तैनात एक महिला सिपाही को फरियादियों से अभद्र व्यवहार करना महंगा पड़ गया। फरियादी की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए जाने पर संबंधित महिला सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, महिला थाना हापुड़ में तैनात कांस्टेबल बीना चौधरी पर आरोप था कि वह शिकायत लेकर आने वाले लोगों से ठीक तरीके से बात नहीं करती थीं और कई बार अभद्र भाषा का प्रयोग करती थीं। इससे फरियादियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी सेआहत होकर एक फरियादी ने पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह से की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान पीड़ित पक्ष के बयान लिए गए और थाने में मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ की गई। जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने पर एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए महिला कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनना और उनके साथ शालीन व्यवहार करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा अभद्रता या लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











