घेर में युवक का चोट लगा शव बरामद, हत्या का आरोप

हापुड़।
थाना धौलाना क्षेत्र के एक गांव में घेर में एक युवक का चोट लगा शव पुलिस ने बरामद किया। परिजनों ने पुरानी रंजिश के तहत हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार धौलाना क्षेत्र के गांव देहरा डैनी उर्फ आमिर रात को अपनी भैंसों के घेर में सोया था, शनिवार सुबह उसका शव घेर में पड़ा मिला। शरीर पर चोटों के निशान थे।
डैनी का शव मिलने की सूचना पर गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही थाना धौलाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले में फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि डैनी की हत्या की गई है। मृतक के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। जो हत्या की आशंका को और मजबूत करते हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि डैनी की गांव के ही कुछ लोगों से पुरानी रंजिश चल रही थी। और इसी रंजिश के चलते उसकी जान ली गई।
थाना प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम को भेज जांच शुरू कर दी है।












