बिजली बिल ठीक कराने के नाम पर 20 हजार की ठगी का आरोप, डीएम से की शिकायत

हापुड़।
देहात क्षेत्र के असौड़ा निवासी एक उपभोक्ता ने विद्युत विभाग के लाइनमैन पर बिजली बिल ठीक कराने के नाम पर अवैध वसूली और ठगी का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। पीड़ित ने मामले में विभागीय जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, असौड़ा गांव स्थित अमन कॉलोनी निवासी सदाकत पुत्र खिलाफत ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह विद्युत विभाग का वैध घरेलू उपभोक्ता है। उसका बिजली बिल 20 दिसंबर 2025 तक करीब 5,175 रुपये था, लेकिन इसके बाद अचानक करीब 93 हजार रुपये का बकाया दर्शाया गया।
पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने फोन कर स्वयं को विद्युत विभाग का लाइनमैन बताते हुए कहा कि वह बिल को कम करा देगा, लेकिन इसके लिए खर्चा करना पड़ेगा। शिकायत के अनुसार, आरोपी लाइनमैन सुरेश सिंह टीजी-2 ने 15 हजार रुपये स्वयं के लिए और 5 हजार रुपये विद्युत अधिकारी को देने के नाम पर कुल 20 हजार रुपये ले लिए।
सदाकत का आरोप है कि रकम लेने के बाद भी बिल सही नहीं कराया गया और रुपये वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगा। विरोध करने पर कथित रूप से विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लाइनमैन पर पहले भी रिश्वत लेने और लोगों से ठगी करने के आरोप लग चुके हैं तथा हाल ही में उसका एक वीडियो भी वायरल हुआ था।
पीड़ित ने डीएम से मांग की है कि आरोपी लाइनमैन के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करते हुए उससे ली गई 20 हजार रुपये की रकम वापस दिलाई जाए।











