जाम की समस्या से निपटने के लिए परिवहन विभाग ने चलाया अभियान, 143 वाहनों के चालान, 14 वाहन सीज , सड़कों पर खड़े करोगें वाहन, तो कटेंगे चालान

हापुड़।
जिलें में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन व जाम की समस्या से निपटने के लिए मंगलवार को परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाया। जिसमें 143 वाहनों के चालान कर 14 वाहन सीज किए तथा 8.05 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
एआरटीओ रमेश चौबे के नेतृत्व में शहर के विभिन्न व्यस्त स्थानों पर यह विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के दिल्ली रोड, गढ़ रोड समेत प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर खड़े वाहनों की जांच की। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के चालान किए गए। टीम ने डोमिनोज और ब्लिंकिट जैसे प्रतिष्ठानों पर भी पहुंचकर उनकी पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया।
प्रवर्तन कार्रवाई में 143 वाहनों के ओवरस्पीडिंग के लिए चालान किए गए, जबकि विभिन्न अभियोगों में कुल 14 वाहनों को निरुद्ध भी किया गया। इस अभियान के दौरान लगभग 8.05 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।












