विद्यालय प्रागंण में पारंपरिक त्योहार हरियाली तीज मनाई गई

हापुड़ । श्रीमती कमला अग्रवाल पब्लिक स्कूल हापुड़ के विद्यालय प्रागंण में पारंपरिक त्योहार हरियाली तीज के पावन अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गर्ल्स स्कूल प्रधानाचार्या श्रीमती पारुल शर्मा एवं पब्लिक स्कूल की विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रेखा शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।कोर कमेटी के सदस्यों श्री बृजमोहन गुप्ता ,नरेश अग्रवाल और मनीष बंसल जी द्वारा मां सरस्वती को पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण सजीव हो उठा,जब बच्चों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में लोकगीतों और नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं।कार्यक्रम में पारंपरिक झूले, मेहंदी सज्जा तथा माताओं के लिए म्यूजिकल चेयर जैसे आकर्षक खेलों ने सभी का मन मोह लिया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्राओं एवं माताओं का रैंप वॉक रहा जिसने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।अभिभावकों की उपस्थिति और सहभागिता ने आयोजन को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया।मेहंदी की रंग-बिरंगी खुशबू,झूलों की लयबद्ध हरकतें मानो सावन को साकार कर रही थीं। शिक्षिकाओं व बच्चों के नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति लाजवाब रही।
प्रधानाचार्या महोदय ने समापन पर विद्यार्थियों को तीज पर्व की सांस्कृतिक और पारंपरिक महत्ता के बारे में बताया और कहा कि त्योहार हमारी संस्कृति की आत्मा हैं।इन आयोजनों से न केवल विद्यार्थियों में सृजनात्मकता और सहभागिता की भावना उत्पन्न होती है,बल्कि वे अपनी जड़ों से भी जुड़ते हैं।
कार्यक्रम में सभी शिक्षकगणों की उपस्थिति सराहनीय रही।कार्यक्रम का संचालन पूजा,प्राची, उत्कर्ष ने किया।












