सरस्वती अस्पताल में महिला की मौत, जमकर हंगामा

हापुड़।
थाना पिलखुवा क्षेत्र स्थित सरस्वती अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराई गई महिला की मौत हो गई। इसके बाद शव को लेकर परिजनों और अस्पताल प्रशासन के बीच पोस्टमार्टम न कराने को लेकर विवाद हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कराया, तब जाकर मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार पिलखुवा के मोहल्ला रमपुरा निवासी 32 वर्षीय राजकुमारी पत्नी हीरालाल काफी समय से लकवे से पीड़ित थीं।
उन्हें पिछले पांच दिनों से ज्यादा समस्या हो रही थी। सोमवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए हाइवे स्थित सरस्वती अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत के बाद अस्पताल स्टाफ ने पोस्टमार्टम कराए जाने की बात कही। परिजनों का कहना था कि महिला की मौत बीमारी के कारण हुई है, इसलिए वह पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते। परिजनों के इन्कार करने पर अस्पताल प्रशासन ने शव सौंपने से मना कर दिया।
शव न मिलने से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
पुलिस ने अस्पताल स्टाफ से भी बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी विवाद के बाद मामला शांत करा दिया गया।












