पैर फिसलने से छत से गिरकर छात्र की मौत, मचा कोहराम

पैर फिसलने से छत से गिरकर छात्र की मौत, मचा कोहराम
हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र निवासी एक छात्र की छत से पैर फिसलने से मकान के चौक में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर में रात को गढ़मुक्तेश्वर बार एसोसिएशन सचिव जितेंद्र यादव के 22 वर्षीय भतीजे राहुल की अंधेरे में पैर फिसलने से अपने मकान की छत से आंगन में गिरकर दर्दनाक ढंग में मौत हो गई। देर रात में हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचने के साथ ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया और मौके पर सैकड़ो ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हालांकि परिजनों ने किसी भी पुलिस कार्रवाई के – बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बार एसोसिएशन सचिव जितेंद्र यादव ने बताया कि भतीजा राहुल कुमार
ग्रेजुएशन की पढ़ाई करने के बाद अब पीसीएस परीक्षा की तैयारी कर रहा था। बुधवार की रात राहुल मकान की छत पर जाकर सो गया। देर रात में फिर से अचानक आई बारिश के बाद वह तीसरी मंजिल पर रखे घरेलू सामान को भीगने से बचाने को चला गया। इस दौरान फिसलन होने से उसका पैर अचानक फिसल गया, जिससे संतुलन बिगड़ने पर वह मकान के आंगन में गिरकर घायल हो गया। लहूलुहान हालत में राहुल को तत्काल स्थान अस्पताल में ले जाया गया, जहां परीक्षण के उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान कोहराम मचा रहा।











