युवती ने लगाया दूसरे समुदाय के युवक पर अपहरण कर जबरन धर्मांतरण करवाकर फर्जी शादी के कागजात तैयार करने का आरोप, एफआईआर दर्ज

हापुड़ ।
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र निवासी युवती ने कुछ लोगों पर उसका अपहरण कर गाजियाबाद व देहरादून ले जाने, जबरन धर्मांतरण कराकर फर्जी शादी के दस्तावेज तैयार करने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुकदमा दर्ज कराते हुए एक दूसरे समुदाय की युवती ने बताया कि वर्ष 2024 में उसकी गांव के ही अमन कुमार से उसकी दोस्ती हो गई थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। आरोप है कि दस जून 2024 को आरोपी उसे घूमने के बहाने अपने साथ गाजियाबाद ले गया। वहां उसने युवती पर शादी करने का दबाव बनाया और विरोध करने पर उसके इकलौते भाई को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी उसे जबरन एक अज्ञात स्थान पर ले गया और अपने मोबाइल से उसका आपत्तिजनक स्थिति में वीडियो बना लिया। इसके बाद बदनाम करने की धमकी देकर कुछ कागजातों पर जबरन हस्ताक्षर
और अंगूठा लगवा लिया। बाद में आरोपी उसे उसी दिन देहरादून ले गया, जहां उसे दूसरे समुदाय का बताकर कुछ अन्य दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए।
बाद में जब उसे पता चला कि आरोपी ने उसकी बिना सहमति के फर्जी ढंग से धर्मांतरण कराया और शादी के दस्तावेज तैयार कर लिए हैं। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोपी उसे दिल्ली ले गया और रोहिणी क्षेत्र में अपने एक दोस्त के घर पर रखा। 12 जून 2024 को मौका मिलने पर युवती ने अपने परिजन को फोन कर मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर उसके पिता और मामा वहां पहुंचे और उसे अपने साथ ले आए, जबकि आरोपी वहां से फरार हो गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











