हिमाकत: थानें के गेट पर हथकड़ी में ही बना डाली रील , फेसबुक पर की अपलोड़

हापुड़।
थाना पिलखुवा क्षेत्र में एक केस के सिलसिले में हथकड़ी पहने एक युवक ने थाने के गेट पर ही अपनी रील बनवाकर फेसबुक पर अपलोड कर दी। जिससे पुलिस में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार पिलखुवा क्षेत्र में कुछ युवकों ने पुलिस की मौजूदगी में कोतवाली गेट पर हथकड़ी पहनकर वीडियो बनाया। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार यह वीडियो कुछ दिन पुराना है। वीडियो में युवक पुलिस के साथ खड़े होकर हथकड़ी दिखाते हुए हंसी-मजाक कर रहे हैं। वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर अपलोड करने के बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि यह वीडियो पुराना है। एक मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई थी, जिसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई। अब वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच की जा रही है।












