NH-09 पर दर्दनाक हादसा, पशु को बचाने के चक्कर में 3 की मौत, 7 घायल

NH-09 पर दर्दनाक हादसा, पशु को बचाने के चक्कर में 3 की मौत, 7 घायल
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)।
दिल्ली-लखनऊ हाईवे NH-09 पर रविवार रात कर गढ़ कोतवाली क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार दिल्ली के मुस्तफाबाद से स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवक बिजनौर में बारात में शामिल होने जा रहे थे। गढ़ क्षेत्र में अचानक हाईवे पर एक पशु सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक नियंत्रण खो बैठा।
अनियंत्रित स्कॉर्पियो पहले पशु से टकराई और फिर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा पहुंची। इसी दौरान संभल की ओर से आ रही अर्टिगा कार से उसकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
सूचना पर गढ़ कोतवाली पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गढ़ कोतवाल देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त दिल्ली निवासी सरफराज (45), अफजाल (37) व अबरार (48) है
घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।















