सड़क हादसे में होमगार्ड की मौत

हापुड़।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार रात होमगार्ड जवान परमिंद्र की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
सिंभावली थाना क्षेत्र के ग्राम धनपुरा निवासी होमगार्ड परमिंद्र की हापुड़ कोतवाली में ड्यूटी थी। रविवार की रात को वह ड्यूटी पर जा रहे थे। जैसे ही बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के उपैड़ा फ्लाईओवर पर पहुंचे, एक अज्ञात वाहन
ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि परमिंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
थाना प्रभारी महेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल होमगार्ड को तुरंत हापुड़ के एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परमिंद्र के परिजनों में कोहराम मच गया। उनके दो पुत्र और दो पुत्रियों के साथ-साथ ग्रामीण और अन्य होमगार्ड जवान भी अस्पताल पहुंच गए।
सीओ सिटी जितेंद्र शर्मा भी घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।












