ओवरस्पीडिंग पर लगाम: हापुड़ पुलिस बेड़े में शामिल हुईं 2 हाईटेक इंटरसेप्टर बाइक

ओवरस्पीडिंग पर लगाम: हापुड़ पुलिस बेड़े में शामिल हुईं 2 हाईटेक इंटरसेप्टर बाइक
हापुड़। जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और तेज रफ्तार पर नियंत्रण के लिए हापुड़ पुलिस ने अब हाईटेक तकनीक का सहारा लिया है। गुरुवार को शासन से मिली 2 अत्याधुनिक इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलों को पुलिस लाइन में एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
स्पीड रडार और ई-चालान से होगी निगरानी
इन बाइकों में स्पीड रडार, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा और ई-चालान सिस्टम लगे हैं। अब पुलिस किसी भी जगह खड़ी होकर या गश्त करते हुए वाहनों की गति माप सकेगी। तय सीमा से ज्यादा स्पीड मिलने पर मौके पर ही ई-चालान कर दिया जाएगा।
एसपी ने कहा कि नेशनल हाईवे और मुख्य मार्गों पर स्थायी कैमरे न होने से ओवरस्पीडिंग पर लगाम नहीं लग पा रही थी। नई व्यवस्था से तेज रफ्तार पर रोक लगेगी और हादसे कम होंगे।
जाम और अपराध पर भी होगी कार्रवाई
इंटरसेप्टर बाइकें केवल ट्रैफिक के लिए नहीं, बल्कि व्यस्त बाजारों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों में भी तैनात होंगी। दोपहिया होने के कारण पुलिस जाम में भी तुरंत मौके पर पहुंच सकेगी।
एसपी ने टीम को निर्देश दिए कि ओवरस्पीडिंग, गलत पार्किंग और यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। पीक आवर्स में प्रमुख स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी।















