कांवड़ियों की सुविधा के लिए जिलें में बनेगा हाईटेक ट्रैफिक थाना, 24 घंटे होगी कांवड़ यात्रा की मॉनिटरिंग

कांवड़ियों की सुविधा के लिए जिलें में बनेगा हाईटेक ट्रैफिक थाना, 24 घंटे होगी कांवड़ यात्रा की मॉनिटरिंग
गंगा एक्सप्रेसवे से कंट्रोल होगा पूरे जिले का ट्रैफिक, जाम और हादसों पर रहेगी पैनी नजर
, हापुड़:
जिलें में कांवड़ियों को ट्रैफिक से बचाव के लिए विशेष यातायात थाना स्थापित किया जायेगा । जिसमें जिले की ट्रैफिक व्यवस्था की 24 घंटे निगरानी होगी।
जानकारी के अनुसार सिंभावली क्षेत्र के खुड़लिया स्थित गंगा एक्सप्रेसवे इंटरचेंज के पास हाईटेक यातायात थाना दो दिन में बनाया जायेगा। एसपी कुंवर ज्ञान्जय सिंह ने बताया कि
विशेष यातायात थाने पर एक निरीक्षक के नेतृत्व में 40 पुलिसकर्मियों की टीम तैनात की गई है। यह टीम ट्रैफिक संचालन, रूट डायवर्जन, भारी वाहनों की आवाजाही और आपात स्थिति में तुरंत रिस्पॉन्स करेगी। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान ट्रैफिक का दबाव कई गुना बढ़ जाता है।
उल्लेखनीय है कि हर साल लाखों शिवभक्त हरिद्वार, गढ़मुक्तेश्वर और ब्रजघाट से गंगाजल लेकर हापुड़ से होकर गुजरते हैं।
उन्होंने बताया कि यह थाना पूरी तरह तकनीक से लैस है। वायरलेस नेटवर्क, सीसीटीवी कैमरे और डिजिटल कंट्रोल रूम के जरिए नेशनल हाईवे- 9 पर गंगा एक्सप्रेसवे और शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर नजर रखी जाएगी। किसी भी जगह भीड़ बढ़ते ही तुरंत रूट डायवर्ट कर दिया जाएगा।
एसपी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात हमारी पहली प्राथमिकता है। पहली बार विशेष यातायात थाना बना है। गंगा एक्सप्रेसवे से आने वाले भारी वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा ताकि कांवड़ मार्ग जाम मुक्त रहे। सभी अधिकारी 24 घंटे अलर्ट रहेंगे।















