आवारा कुत्ते का आतंक, 4 दिन में 6 बच्चों को काटा, ग्रामीणों में आक्रोश

आवारा कुत्ते का आतंक, 4 दिन में 6 बच्चों को काटा, ग्रामीणों में आक्रोश
हापुड़। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नगला बढ़ में आवारा कुत्ते ने चार दिन में 6 बच्चों को काटकर लहूलुहान कर दिया। अचानक हुए हमले से बच्चों में दहशत है। ग्रामीणों ने कुत्तों को पकड़वाने और सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी आले अली, फैज अली, सोनी, फिरोज आदि बच्चे घर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान वहां बैठे आवारा कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया। बच्चों की चीख सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और किसी तरह बच्चों को कुत्तों से बचाया।
हमले के बाद सभी घायल बच्चों को अस्पताल ले जाकर एंटी रैबिज के टीके लगवाए गए।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवारा कुत्तों का आतंक पहले से है। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़वाकर बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।











