शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, गर्भपात और जातिसूचक गाली देने का आरोपी गिरफ्तार

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, गर्भपात और जातिसूचक गाली देने का आरोपी गिरफ्तार
हापुड़। कोतवाली नगर पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, गर्भपात कराने, जेवर-नकदी हड़पने और जातिसूचक शब्द कहने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह अनुसूचित जाति की है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। इस दौरान उसकी दोस्ती मेरठ के थाना मुंडाली क्षेत्र के ग्राम जिसौरी निवासी लव अधाना से हुई।
आरोप है कि 13 मार्च 2026 को आरोपी युवती को हरिद्वार गंगा स्नान के बहाने ले गया। वहां कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया और हर की पौड़ी के पास एक होटल में ले जाकर कई बार दुष्कर्म किया। 14 मार्च को भी आरोपी ने उसे होटल में रखा। होश आने पर युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने दोस्तों के सामने उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी का आश्वासन दिया।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी कई बार उसे होटल ले गया। इस दौरान वह गर्भवती हो गई। 18 अप्रैल 2026 को आरोपी उसे मेरठ के ग्राम पचपेड़ा निवासी एक महिला डॉक्टर के यहां ले गया और परिजनों के दबाव में आकर जबरन गर्भपात करा दिया।
युवती के अनुसार 25 मई को आरोपी ने फिर शादी करने का वादा किया। लेकिन 1 जून को उसने युवती को अपमानित किया, जातिसूचक शब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी लव अधाना को फ्रीगंज रोड से गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।











