थाने के पास कार सवारों की फायरिंग, अस्पताल के पास दहशत

थाने के पास कार सवारों की फायरिंग, अस्पताल के पास दहशत
हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में रविवार रात कोतवाली से महज 200 मीटर की दूरी पर कार सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। घटना नक्का कुआं रोड स्थित अस्पताल के पास हुई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10 बजे कार सवार कुछ युवकों ने अस्पताल के पास अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घटना कोतवाली से इतनी नजदीक हुई कि क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। गढ़ कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि कार और उसमें सवार आरोपियों की पहचान की जा सके।
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











