News
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का करेंगे शुभारंभ

- मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का करेंगे शुभारंभ
-डीबीटी के माध्यम से 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को धनराशि का वितरण भी करेंगे
-आगामी 8 जुलाई को जिला व तहसील मुख्यालयों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा
-कार्यक्रम में लाभार्थियों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए जाएंगे
हापुड़-5 जुलाई
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस योजना एवं डीबीटी वितरण कार्यक्रम का आयोजन आगामी 8 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में जनपद वाराणसी स्थित ट्रेड सेंटर से किया जाएगा। प्रदेश के सभी जिला व तहसील मुख्यालयों पर भी भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों द्वारा लाभार्थियों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए जाएंगे
। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपा भाटी ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक अनुदेशक, परिषद द्वारा संचालित मान्यता प्राप्त अनुदानित विद्यालयों के शिक्षक,कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कार्यरत वार्डेन एवं पूर्णकालिक/अंशकालिक शिक्षक-शिक्षिकाओं, प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइयों तथा उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इसके अतिरिक्त माध्यमिक शिक्षा विभाग के राजकीय, सहायता प्राप्त एवं अनुदानित विद्यालयों में कार्यरत पात्र शिक्षक, विषय विशेषज्ञ एवं उनके आश्रित परिवार के सदस्य भी इस योजना का लाभ प्राप्त करेंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के उपरांत सभी जनपद मुख्यालयों एवं तहसील मुख्यालयों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, जनसामान्य तथा शिक्षा विभाग से जुड़े सभी हितधारकों की उपस्थिति में जनपद एवं विकासखण्ड स्तर पर 20-20 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मंत्रीगण,सांसद,विधायक,विधान परिषद सदस्य,जिला पंचायत अध्यक्ष,नगर निकाय प्रतिनिधि,मुख्य विकास अधिकारी,अन्य जिला स्तरीय अधिकारी,ग्राम प्रधान,पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएँ, अभिभावक,स्वयंसेवी संगठन एवं समुदाय के प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।











