होटल पर हमला कर युवक की हत्या करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, कार और हथियार बरामद

होटल पर हमला कर युवक की हत्या करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, कार और हथियार बरामद
पुराने लेनदेन के विवाद में दी थी घटना को अंजाम
हापुड़( यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)। गढ़मुक्तेश्वर थाना पुलिस ने बिस्मिल्लाह होटल के पास डंडे और लोहे की रॉड से पीटकर युवक की हत्या करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कार और हथियार भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवाब खान पुत्र अमीर खान निवासी बीबीपुरा वास्टा थाना चांदपुर बिजनौर, अबूबकर पुत्र जहीर अहमद निवासी अंजुम कॉलोनी थाना कोतवाली नगर अमरोहा और शादाब कुरैशी पुत्र इरफान निवासी मोहल्ला कुरेशियान वास्टा थाना चांदपुर बिजनौर के रूप में हुई है। तीनों को दोताई पुल नहर पटरी के पास से गिरफ्तार किया गया।
क्या है मामला
मृतक मोहसीन ने अपना पुश्तैनी मकान किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया था। आरोप है कि आरोपी नवाब उस मकान को खरीदना चाहता था। साथ ही मोहसीन ने नवाब को कुछ रुपये उधार भी दिए थे। पैसों की वापसी को लेकर दोनों में लंबे समय से रंजिश चल रही थी।
29 जून 2026 को मोहसीन अपनी ससुराल गाजियाबाद बस से जा रहा था। नवाब ने अपने साथियों के साथ उसका पीछा किया। न्यू बिस्मिल्लाह होटल के पास बस रुकते ही तीनों ने मोहसीन पर डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहसीन को मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे की रॉड, एक बांस का डंडा और स्विफ्ट कार संख्या UP 15 CK 5011 बरामद की है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी नवाब का चांदपुर थाने में पहले से भी आपराधिक इतिहास है।











