News
इंस्टाग्राम फॉलोअर्स घटे, तो सिंगर पति पहुंचा महिला थाने

इंस्टाग्राम फॉलोअर्स घटे, तो सिंगर पति पहुंचा महिला थाने, पत्नी पर मारपीट का आरोप; सास बोली- दहेज में कार के लिए बेटी को पीटा
यूट्यूबर अनुज जाटव ने पत्नी पर छाती पर ईंट मारने व सोशल मीडिया पर लगाया बदनाम करने का आरोप
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)।
सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स वाले सिंगर और यूट्यूबर अनुज जाटव दहेज उत्पीड़न के आरोपों के बीच खुद महिला थाने पहुंच गए। अनुज ने पत्नी मोहिनी पर मारपीट और सोशल मीडिया पर छवि खराब करने का आरोप लगाया है। वहीं मोहिनी की मां सुमन ने अनुज और ससुरालियों पर दहेज में कार मांगने, मारपीट और जान से मारने के प्रयास का केस दर्ज कराया है।
गौतमबुद्धनगर निवासी यूट्यूबर अनुज जाटव ने बताया कि उसका यूट्यूब चैनल अनुज जाटव प्यावली के नाम से है। यूट्यूब पर 2.5 लाख, इंस्टाग्राम पर 6 लाख और फेसबुक पर 8 लाख फॉलोअर्स हैं। आरोप लगाया कि पत्नी मोहिनी सोशल मीडिया पर उसके खिलाफ वीडियो डालकर बदनाम कर रही है, जिससे उसके फॉलोअर्स घट रहे हैं। अनुज ने कहा कि वह महीने के 1 से 1.5 लाख कमाता है, उसे दहेज की जरूरत नहीं। अनुज के आरोप लगाया कि 22 जून को पत्नी ने छाती पर ईंट मारी। 26 जून को आगरा शो के लिए पैकिंग करते समय बैग फेंक दिया और झगड़ा किया था। जिसकी शिकायत पुलिस में की थी। अनुज ने पत्नी को वापस लाने के लिए कोर्ट में वाद भी दायर किया है और कहा कि वह उसे सम्मान के साथ रखना चाहता है।
दूसरी ओर धौलाना के छोटा मोहल्ला निवासी सुमन ने तहरीर में कहा कि बेटी मोहिनी का विवाह 7 फरवरी 2026 को अनुज से हुआ था। शादी में 10-12 लाख का दहेज दिया। आरोप है कि 15 दिन बाद ही जेठ केशपाल, सास शकुंतला, देवर आकाश और पति अनुज कार की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। 26 जून को अनुज ने मोहिनी को झाड़ू से पीटा, गला दबाकर हत्या का प्रयास किया और घर में बंद कर दिया। मौके पर पहुंचने पर अनुज ने सुमन और उनके बेटे बादल से भी मारपीट की।
महिला थाना प्रभारी अरूणा राय ने बताया कि मामले में बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











