84 हजार रुपए की मजदूरी मांगने पर महिलाकर्मी से मारपीट, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

84 हजार रुपए की मजदूरी मांगने पर महिला से मारपीट,एसपी से मांगा इंसाफ
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा निवासी एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मजदूरी का बकाया भुगतान मांगने पर मारपीट,गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीडि़ता का कहना है कि शिकायत के बावजूद स्थानीय पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद उसने न्याय की उम्मीद में पुलिस अधीक्षक की शरण ली है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में नफीसा पत्नी तसलीम ने बताया कि उनके पति एक व्यक्ति के यहां जूते-चप्पल की गढ़ाई का कार्य करते थे। इस कार्य का लगभग चार माह का 84 हजार भुगतान संबंधित व्यक्ति पर बकाया है। आरोप है कि 1 जुलाई 2026 को हिसाब-किताब करने के बहाने उन्हें संबंधित व्यक्ति के घर/कारखाने पर बुलाया गया।
पीडि़ता का आरोप है कि वहां पहुंचते ही मेहर आलम, मेहर आलम के तीनों दामाद तथा उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने एक राय होकर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर महिला को बचाया। घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
प्रार्थना पत्र में पीडि़ता ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद वह शिकायत लेकर पुलिस चौकी और नगर कोतवाली पहुंची,लेकिन उनकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। महिला का कहना है कि उसने पूर्व में भी पुलिस अधीक्षक को शिकायत भेजी थी,लेकिन उस पर भी आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
महिला ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष लगातार उसे और उसके परिवार को धमकियां दे रहा है,जिससे परिवार भय के माहौल में जीवन व्यतीत कर रहा है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।











