शादी से पहले युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट

हापुड़।
थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में एक युवक पर शादी तय हो चुकी युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का गंभीर आरोप लगा है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी करीब 18 वर्षीय बेटी की शादी तय हो चुकी है। कुछ दिन बाद ही विवाह होना है। आरोप है कि 29 जून की दोपहर एक युवक उनकी बेटी को शादी करने के उद्देश्य से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
घटना के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर युवती की काफी तलाश की। रिश्तेदारों और आसपास पूछताछ की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। थक-हारकर परिजन थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।











