हापुड़ का दबदबा कायम: 38 UP बटालियन NCC ने लगातार दूसरे साल जीती मैप रीडिंग और जियोस्पेशियल प्रतियोगिता

हापुड़ का दबदबा कायम: 38 UP बटालियन NCC ने लगातार दूसरे साल जीती मैप रीडिंग और जियोस्पेशियल प्रतियोगिता
10 बटालियनों को पछाड़कर हापुड़ के कैडेट्स बने चैंपियन; ब्रिगेडियर अजीत सिंह ने किया सम्मानित
हापुड़ । 38 UP बटालियन NCC, हापुड़ ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए प्रतिष्ठित मैप रीडिंग और जियोस्पेशियल एक्टिविटी प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया है। हापुड़ के कैडेट्स ने लगातार दूसरे साल यह खिताब अपने नाम कर जिले का नाम रोशन किया।
10 बटालियनों के बीच कड़ी टक्कर
NCC ग्रुप हेडक्वार्टर, गाजियाबाद की देखरेख में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा में इंटर बटालियन थल सेना कैंप के तहत यह प्रतियोगिता आयोजित हुई थी। इसमें गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, शामली, बड़ौत और हापुड़ की कुल 10 NCC बटालियनों ने हिस्सा लिया।
एडवांस स्किल्स की हुई परीक्षा
एस एस वी इंटर कॉलेज के एनसीसी के लेफ्टिनेंट डा कपिल बिसला ने बताया कि बौद्धिक रूप से चुनौतीपूर्ण इवेंट में कैडेट्स की एडवांस्ड मैप रीडिंग, इलाके की समझ और जियोस्पेशियल स्किल्स की परीक्षा ली गई। इसके लिए बेहतरीन भौगोलिक जानकारी और सटीकता जरूरी थी। हापुड़ के कैडेट्स ने सभी मापदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
ब्रिगेडियर ने की तारीफ
पुरस्कार वितरण समारोह में NCC ग्रुप हेडक्वार्टर, गाजियाबाद के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर अजीत सिंह ने विजेता टीम को सम्मानित किया। उन्होंने कैडेट्स की शानदार उपलब्धि की तारीफ करते हुए कहा कि यह जीत उनके कठिन परिश्रम का परिणाम है।
38 UP बटालियन NCC के कमांडिंग ऑफिसर ने भी कैडेट्स के समर्पण की सराहना की और कहा कि जियोस्पेशियल स्टडीज़ जैसे उभरते क्षेत्र में उनकी रुचि काबिले तारीफ है। एस एस वी इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति व प्रधानाचार्य विजय गर्ग ने छात्रों को बंधाई दी। गौरतलब है कि हापुड़ बटालियन 2025 में भी इस प्रतियोगिता की चैंपियन रही थी।











