तमंचे के साथ बिस्तर पर सोने की फोटो वायरल, पुलिस ने आरोपी रिजवान को अवैध असलहे संग दबोचा

तमंचे के साथ बिस्तर पर सोने की फोटो वायरल, पुलिस ने आरोपी रिजवान को अवैध असलहे संग दबोचा
हापुड़। सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने के चक्कर में एक युवक सलाखों के पीछे पहुंच गया। तमंचे को बिस्तर पर रखकर सोते हुए फोटो वायरल करना आरोपी रिजवान को भारी पड़ गया। हापुड़ नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार कर लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी फोटो
दरअसल, कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक फोटो तेजी से वायरल हुई थी। इसमें एक युवक तमंचे को बिस्तर पर रखकर सोता हुआ दिख रहा था। फोटो सामने आते ही हापुड़ नगर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और युवक की पहचान शुरू की।
पुरानी चुंगी का रहने वाला है आरोपी
पुलिस जांच में फोटो में दिख रहे युवक की पहचान रिजवान पुत्र शराफत निवासी पुरानी चुंगी, कोटला मेबातियान, थाना हापुड़ नगर के रूप में हुई। पहचान होते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई।
त्यागी कॉलोनी से हुई गिरफ्तारी
थाना हापुड़ नगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी रिजवान को त्यागी कॉलोनी ट्रांसफार्मर के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके कब्जे से वायरल फोटो वाला अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना हापुड़ नगर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ स्टंटबाजी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











