सेफ अलमारी ठीक कराने दी तो लॉकर से गायब हुए लाखों के जेवर, पीड़ित ने SP से लगाई गुहार

सेफ अलमारी ठीक कराने दी तो लॉकर से गायब हुए लाखों के जेवर, पीड़ित ने SP से लगाई गुहार
मिस्त्री ने बिना बताए तोड़ा ताला, जेवरात घर ले जाकर वीडियो वायरल की; पीड़ित का आरोप- सवा दो तोला सोना कम मिला, दो अनजान डिब्बे भी मिले
*धौलाना/हापुड़।* तहसील धौलाना थाना क्षेत्र से सेफ अलमारी ठीक कराने के दौरान लाखों के जेवरात गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने हापुड़ एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह से न्याय की गुहार लगाई है। आरोप है कि मिस्त्री ने बिना मालिक को बुलाए लॉकर का ताला तोड़कर जेवरात निकाल लिए और बाद में पूरे जेवरात वापस नहीं किए।
*8 जून को दी थी अलमारी ठीक करने*
पीड़ित कासिम राजा पुत्र दीन मोहम्मद निवासी धौलाना ने एसपी को दी तहरीर में बताया कि 8 जून को वह अपनी लोहे की सेफ अलमारी धौलाना कस्बे में मिस्त्री जफरुद्दीन की दुकान पर ठीक कराने ले गया था। कुछ समय पहले उसकी बहन की शादी हुई थी। अलमारी के लॉकर में बहन के हाथ से रखे जेवरात थे, जिसकी जानकारी कासिम को नहीं थी। लॉकर की चाबी परिवार के पास थी।
*बिना बताए तोड़ा ताला, घर ले गया जेवर*
आरोप है कि मिस्त्री ने सेफ अलमारी खोलते समय लॉकर पर ताला लगा देखा। उसने मालिक को बुलाए बिना ताला तोड़ दिया और अंदर रखे जेवरात निकालकर अपने घर ले गया। करीब एक घंटे बाद मिस्त्री ने फोन कर कासिम को बताया कि अलमारी में जेवरात रह गए हैं। कासिम जेवर लेने दुकान पहुंचा तो मिस्त्री ने जेवरात दिखाते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
*बहन ने पकड़ी गड़बड़ी, दो डिब्बे निकले अनजान*
पीड़ित जेवरात घर ले आया। अगले दिन ससुराल से बहन को बुलाकर जेवर चेक कराए गए। बहन ने बताया कि डिब्बों में रखे जेवर में दो डिब्बे उनके नहीं हैं। साथ ही दो तोले का सोने का हार, दो सोने की लौंग और एक कान की बाली यानी करीब सवा दो तोला सोना कम मिला।
*पूछने पर हड़काने का आरोप*
कासिम ने मिस्त्री को जेवर कम होने की जानकारी दी तो आरोप है कि मिस्त्री उल्टा हड़काने लगा। अनजान डिब्बे दिखाने पर भी मिस्त्री ने पीड़ित को ही खरी-खोटी सुनाई।
*परिवार सदमे में, SP से जांच की मांग*
घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है। बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित ने हापुड़ एसपी से निष्पक्ष जांच कर जेवरात वापस दिलाने की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि उसे ही अपनी ईमानदारी का सबूत देना पड़ रहा है, जबकि आरोपी मिस्त्री बेफिक्र घूम रहा है।
धौलाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।











