डिलीवरी के दौरान नवजात शिशु की टूटी हाथ की हड्डी, सरकारी अस्पताल के चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दी थानें में तहरीर

डिलीवरी के दौरान नवजात शिशु की टूटी हाथ की हड्डी,
सरकारी अस्पताल के चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दी थानें में तहरीर
हापुड़।
थाना पिलखुवा क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने सरकारी अस्पताल के चिकित्सकों पर उनकी पत्नी के प्रसव के दौरान नवजात की मौत के मामलें लापरवाही का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पिलखुवा के मौहल्ला शुक्लान निवासी रवि ने बताया कि 6 मई को उन्होंने अपनी गर्भवती पत्नी को पिलखुवा की रेलवे रोड स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां पत्नी ने एक बच्चे को जन्म दिया। जन्म के बाद अस्पताल ने नवजात की हालत गंभीर बताकर उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन बच्चे को लेकर दूसरे अस्पताल पहुंचे। वहां कराए गए एक्स-रे में पता चला कि नवजात के एक हाथ की हड्डी टूटी हुई है और सिर में ब्लड जमा है। उपचार के दौरान ही कुछ देर बाद बच्चे ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक बालक के पिता रवि का आरोप है कि सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों की लापरवाही के कारण ही उनके बच्चे की मौत हुई है। प्रसव के दौरान ही बच्चे को चोट लगी। उन्होंने मामले में जांच कर दोषी चिकित्सकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल चौहान ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर सीएमओ ने मामले में जांच की बात कही है।











