हापुड़ में पत्नी समेत 6 पर FIR, घर में घुसकर मारपीट कर 380 ग्राम सोना लूटने का आरोप, दस्तावेजों पर जबरन कराए साइन

हापुड़ में पत्नी समेत 6 पर FIR, घर में घुसकर मारपीट कर 380 ग्राम सोना लूटने का आरोप, दस्तावेजों पर जबरन कराए साइन
हापुड़। थाना हापुड़ कक्षेत्र के पक्का बाग में पारिवारिक विवाद ने आपराधिक रूप ले लिया है। शिवम जिंदल नाम के युवक ने अपनी पत्नी समेत छह लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि आरोपियों ने करीब 380 ग्राम सोने के जेवर लूटे और परिवार से दबाव बनाकर कागजों पर साइन भी कराए।
उत्तराखंड शिफ्ट होने का बना रही थी दबाव
पीड़ित शिवम जिंदल ने बताया कि उसका विवाह वर्ष 2021 में उत्तराखंड निवासी युवती से हुआ था। शादी के कुछ माह बाद ही पत्नी उत्तराखंड में बसने और वहीं व्यापार शुरू करने का दबाव बनाने लगी। वह हापुड़ की फैक्ट्री और संपत्ति बेचकर उसके नाम पर मकान खरीदने की मांग कर रही थी।
मार्च में घर पर बोला धावा
तहरीर के मुताबिक मार्च 2025 में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान पत्नी अपने साथियों के साथ घर पहुंची। आरोप है कि पहले मोबाइल पर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री भेजकर बदनाम करने की कोशिश की गई। विरोध पर मारपीट कर मोबाइल छीन लिया गया। इसके बाद घर से करीब 380 ग्राम सोने के आभूषण लूट लिए गए।
दस्तावेजों पर जबरन कराए हस्ताक्षर
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसके और परिवार के सदस्यों को धमकाकर कुछ दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर भी करा लिए। साथ ही सोशल मीडिया के जरिए बदनाम करने की धमकी दी गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर पत्नी समेत छह आरोपियों के खिलाफ लूट, मारपीट, धमकी और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











