साइबर ठगों से पुलिस ने वापस करवाई ठगी की रकम

हापुड़
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को फर्जी हेल्पलाइन बनकर लिंक भेजा गया और उसके खाते से दस हजार रुपये निकाल लिए गए।
थाना प्रभारी प्रवीन कुमार चौधरी ने बताया कि बाबूगढ़ छावनी निवासी दिनेश कुमार ने फोन पे के माध्यम से नौ सौ रुपये का मोबाइल रिचार्ज किया था, लेकिन रिचार्ज सफल नहीं हुआ।
इसके बाद उन्होंने इंटरनेट पर हेल्पलाइन नंबर खोजकर उस पर दो बार काल किया, मगर काल रिसीव नहीं हुई। कुछ देर बाद उनके पास एक काल आई। काल करने वाले ने खुद को हेल्पलाइन कर्मचारी बताया। बातचीत के दौरान आरोपित ने पीड़ित को एक लिंक भेजा। जैसे ही दिनेश कुमार ने लिंक पर क्लिक किया, उसके खाते से 10 हजार रुपये निकल गए। पीड़ित ने तुरंत बाबूगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए साइबर सेल की मदद से रकम पीड़ित के खाते में वापस करा दी। राशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।











