लाखों रुपए की फसल में लगी भीषण आग, जलकर हुई खाक

हापुड़।
थाना हाफिजपुर क्षेत्र के एक गांव में देर रात अचानक खेत में आग लगने से लाखों रुपए की 11 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, हापुड़ के मोहल्ला तगासराय निवासी अशोक त्यागी पुत्र गंगाशरण त्यागी की ग्राम ईमटोरी में कृषि भूमि है। रविवार रात उनकी लगभग 11 बीघा खेत में तैयार खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैली और देखते ही देखते पूरी फसल खाक हो गई।
आग की लपटें देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर हाफिजपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों के अथक प्रयासों से आग पर काबू पाया जा सका।











