शराब नष्ट करते समय लगी भीषण आग, चार करोड़ रुपए की शराब हुई स्वाहा, मचा हड़कंप

, हापुड़।
थाना पिलखुवा क्षेत्र में कोर्ट के आदेश पर लाजिस्टिक पार्क में नष्ट कराई जा रही शराब में अचानक भीषण आग लग गई। जिससे चार करोड़ रुपए की शराब व मशीनरी जलकर स्वाहा हो गई। सूचना पर पहुंची फायरबिग्रेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना से पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए।
जानकारी के अनुसार पिलखुवा थाना क्षेत्र में पकड़ी गई करोड़ों की शराब पिलखुवा के रिलायंस रोड स्थित
लाजिस्टिक पार्क में रोड रोलर की मदद से नष्ट करवाई जा रही थी। अचानक शराब में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिससे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए।
आनन फानन में फायरब्रिगेड की गाड़ियों ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
चीफ फायर आफिसर अजय कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही लीडिंग फायरमैन संजीव कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि लाखों लीटर शराब और रोड रोलर के इंजन में आग तेजी से धधक रही थी। हालात को देखते हुए फायर सर्विस यूनिट ने मोटर फायर इंजन से पंपिंग शुरू कर आग बुझाने का अभियान चलाया।
आग इतनी भयानक थी कि उसे काबू करने में दमकल विभाग को घंटों तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यूपीएसआईडीसी धौलाना क्षेत्र से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।आग से चार करोड़ की शराब व मशीनरी स्वाहा हो गई।











