इंस्टाग्राम पर युवक की फर्जी आईडी बनाकर बदनाम करने का युवती पर लगाया आरोप, एफआईआर दर्ज

इंस्टाग्राम पर युवक की फर्जी आईडी बनाकर बदनाम करने का आरोप, एफआईआर दर्ज
NBT न्यूज, हापुड़।
थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र निवासी एक युवक ने साइबर ठगों पर उनकी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर बदनाम करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित ने बताया कि मुरादाबाद की एक युवती पिछले कुछ समय से उसे अलग-अलग मोबाइल नंबरों से व्हाट्सएप पर लगातार मैसेज भेजकर परेशान कर रही थी।
कई बार नंबर ब्लॉक करने के बावजूद यह सिलसिला जारी रहा। आरोप है कि जब युवती का संपर्क नहीं हो पाया, तो उसने एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बना लिया। शुरुआत में इस अकाउंट से युवती की अपनी तस्वीरें पोस्ट की गईं, लेकिन शिकायत दर्ज होने के बाद उन्हें हटा दिया गया। इसके बाद कथित तौर पर पीड़ित के भाइयों की तस्वीरें, और फिर पीड़ित व उनकी पत्नी की निजी तस्वीरें अपलोड की गईं। इन तस्वीरों को भी कुछ समय बाद हटा दिया गया। साथ ही, कुछ भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट डालकर युवक की सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
साइबर थाना प्रभारी पटनीश कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











