5वीं अंडर-15 सब जूनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के रजत पदक विजेता निशांत का हापुड़ में भव्य स्वागत

5वीं अंडर-15 सब जूनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के रजत पदक विजेता निशांत का हापुड़ में भव्य स्वागत
हापुड़ के प्रतिभाशाली मुक्केबाज़ निशांत ने 23 जून से 29 जून 2026 तक लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, जालंधर (पंजाब) में आयोजित 5वीं अंडर-15 सब जूनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के 70+ किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर जनपद हापुड़ एवं उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने के उपलक्ष्य में दिनांक 06 जुलाई 2026 को जिला खेल कार्यालय, हापुड़ एवं जिला हापुड़ बॉक्सिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में श्री मूलचंद त्यागी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, हापुड़ में निशांत का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उप क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती अरुणा, जिला हापुड़ बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री दीपक त्यागी, महासचिव रोबिन सिंह तथा श्री मूलचंद त्यागी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बॉक्सिंग कोच शाहरुख खान ने पुष्पमालाएं पहनाकर निशांत का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी खिलाड़ियों ने भी उनका गर्मजोशी से अभिनंदन करते हुए उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
निशांत वर्तमान में स्पोर्ट्स हॉस्टल, झांसी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर उनके कोच सुनील कुमार ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर जिला हापुड़ बॉक्सिंग एसोसिएशन के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी निशांत को रजत पदक जीतने पर हार्दिक बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हापुड़ और उत्तर प्रदेश का नाम और अधिक गौरवान्वित करेंगे।











