संस्कार केंद्रों में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, फहराया तिरंगा

हापुड़। शिक्षा भारती द्वारा संचालित दस्तोई ग्राम एवं गोयना ग्राम में चलाए जा रहे संस्कार केंद्रों में स्वतंत्रता दिवस पर आज के कार्यक्रम में छोटे छोटे बच्चों का जोश और उत्साह प्रशंसा के योग्य रहा ।
दस्तोई ग्राम में झंडारोहण फौज से सेवानिवृत संजय जी एवं मुकेश कुमार तोषनीवाल एवं लेखाकार शशांक बंसल द्वारा किया गया। इसके उपरांत बच्चों ने अपने सामूहिक गीत “कभी याद करेगा जमाना, इस धरती पर मिट जाना” एवं “नन्हा मुन्ना राही हूं, देश का सिपाही हूं” के साथ ही भगत सिंह के रूप में एकल प्रस्तुति” सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है ” को प्रस्तुत कर संपूर्ण वातावरण को गौरवपूर्ण एवं जोशमय बना दिया । प्रत्येक बच्चा देश प्रेमी के रूप में समर्पित हो चुका था ।
गोयना ग्राम संस्कार केन्द्र में राजकुमार जी द्वारा झंडारोहण के बाद हुए कार्यक्रम में बच्चों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति पूर्ण बना दिया। छोटे छोटे बच्चों के द्वारा प्रस्तुत “सौगंध मुझे इस मिट्टी की” , “मेरा रंग दे बसंती चोला” , “संदेशे आते हैं…..” जैसे सामूहिक गीतों के साथ एक बच्चे द्वारा पंद्रह अगस्त के महत्व को दर्शाने वाला कथन , निश्चय ही इन कमजोर आय वर्ग के बच्चों के देश के उज्ज्वल भविष्य में योगदान के भाव को प्रकट कर रहा था।
दोनों केंद्रों पर कार्यक्रम के संपन्न होने के पश्चात सभी बच्चों को प्रसाद वितरित किया गया ।












