रिश्ता तय होने पर मनचले ने दी युवती को जान से मारने की धमकी

हापुड़।
गढ़मुक्तेश्वर के मोहल्ला निवासी युवती ने सिरफिरे युवक पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की मां ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
नगर के मोहल्ला निवासी महिला ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता तय कर दिया है। बेटी की नवंबर माह में शादी होनी है। परिवार के लोग शादी की तैयारी में लगे हुए है। दो दिन पूर्व उसके पति के फोन पर अनजान युवक का फोन आया। उन्होंने युवक से बात की। महिला का कहना है कि आरोपी ने उन्हें अपनी बेटी का रिश्ता तोड़ने और उसकी शादी अपने साथ कराने की बात कही। वहीं, आरोपी ने उनकी बेटी से भी फोन पर बात करने के लिए कहा। उन्होंने मोबाइल फोन का स्पीकर ऑन कर बेटी से बात कराई, तो आरोपी ने किसी और से शादी करने पर जान से मारने की भी धमकी दी। इसके बाद से वह और उसके परिजन काफी परेशान हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र विष्ट ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












