सिम्भावली पुलिस और ANTF की बड़ी कार्रवाई: 12 लाख का गांजा बरामद, 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

सिम्भावली पुलिस और ANTF की बड़ी कार्रवाई: 12 लाख का गांजा बरामद, 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
सिम्भावली/हापुड़।
थाना सिम्भावली पुलिस और एएनटीएफ मेरठ की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गंगा एक्सप्रेस-वे हाईवे कट खुडलिया से 3 तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से क्रेटा कार में भरा 112 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी उड़ीसा राज्य से अवैध गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों और दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई कर मोटा मुनाफा कमाते थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पकड़े गए तस्करों की पहचान सोनू सिंह उर्फ सोनवेर सिंह निवासी नारायनपुर वासका थाना कपूरपुर, हाल दिनेश नगर पिलखुवा, विनोद कुमार निवासी करीमपुर भाईपुर मिलक थाना कपूरपुर और राहुल पुत्र प्रमोद कुमार निवासी मसौता थाना पिलखुवा के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गंगा एक्सप्रेस-वे कट खुडलिया के पास घेराबंदी कर क्रेटा कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से 112 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।











