अनु हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, शादी का दबाव बनाने पर की थी हत्या

धौलाना पुलिस ने हत्या के आरोपी को दबोचा, दुपट्टे से गला घोंटकर की थी महिला की हत्या
आजमगढ़ निवासी अमृतलाल यादव गिरफ्तार, लुधियाना में चलाता था मोमोज की दुकान; शादी का दबाव बनाने पर अनु देवी को उतारा था मौत के घाट
हापुड़। थाना धौलाना पुलिस ने हत्या के मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में कबूला कि शादी का दबाव बनाने पर उसने महिला का दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक के आदेश पर वारंटी व वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत धौलाना पुलिस ने शनिवार शाम 6:35 बजे उदयरामपुर नगला पुल के पास नहर पटरी से आरोपी अमृतलाल यादव को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी अमृतलाल यादव पुत्र बुझई यादव निवासी निकासीपुर, मार्टिनगंज, आजमगढ़ उम्र 29 वर्ष है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह 8-9 साल से लुधियाना पंजाब में किराए की दुकान लेकर मोमोज का काम करता था। वहीं उसकी मुलाकात मृतका अनु देवी पुत्री चन्द्र मौर्य निवासी मंडी गोविंदगढ़, फतेहाबाद पंजाब से हुई थी। अनु एक आयुर्वेद कंपनी में काम करती थी।
पत्नी से रिश्ता तोड़ने का बना रही थी दबाव
अमृतलाल ने बताया कि घटना से 2-3 दिन पहले ही वह शेखपुर खिचरा स्थित एवरेज कंपनी में प्लास्टिक की कुर्सी बनाने का काम करने लगा था। 11 जून को उसका अनु देवी से विवाद हो गया। अनु बार-बार उस पर दबाव बना रही थी कि वह अपनी पत्नी से कोई रिश्ता न रखे। इसी बात से तंग आकर अमृतलाल ने 11 जून को दोपहर करीब 12 बजे अनु का दुपट्टे से मुंह, नाक और गला घोंटकर हत्या कर दी।











