यूपी सरकार में राज्यमंत्री बनवाने का झांसा देकर चार लाख रुपए की ठगी, दी तहरीर

हापुड़।
थाना सिम्भावली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने यूपी सरकार में राज्य मंत्री बनवाने का झांसा देकर चार लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
सिम्भावली क्षेत्र के गांव हरोड़ा रोड निवासी संदेश यादव ने बताया कि नगर निवासी भाजपा नेता ने उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री बनवाने का भरोसा दिलाकर लाखों रुपये ले लिए। इस संबंध में उन्होंने थाना सिंभावली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में आरोपी ने उनकी मुलाकात भाजपा के सूबे के कई वरिष्ठ नेताओं से चार बार कराई। यह मुलाकातें कथित तौर पर राज्य मंत्री पद दिलाने के नाम पर कराई गई थीं। उनका आरोप है कि जब उन्हें मंत्री पद नहीं मिला, तो पार्टी के बड़े नेताओं ने अपने हिस्से के पैसे वापस कर दिए। लेकिन आरोपी नेशेष रकम नहीं लौटाई। उनके अनुसार, अभी भी तीन लाख 95 हजार रुपये बकाया हैं।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पिछले तीन साल से आरोपी पैसे लौटाने में टालमटोल कर रहा है। पैसे मांगने पर जां से मारने की धमकी दी जा रही है।उनके पास इन धमकी भरी कॉल्स के रिकॉर्ड मौजूद हैं। पीड़ित ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। हालांकि भाजपा नेता ने सभी आरोपों को निराधार बताया और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।











