कांस्टेबल को ड्यूटी के दौरान सांप ने डंसा, इलाज के दौरान बची जान

हापुड़ ।
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान एक सिपाही को सांप ने काट लिया। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल सिपाही को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
जानकारी के अनुसार बाबूगढ़ थाने में तैनात सिपाही पुष्पर पुराने हाईवे क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात था। वह सड़क किनारे मौजूद झाड़ियों के पास खड़ा था तभी अचानक झाड़ियों में छिपे सांप ने उसे काट लिया। घटना की सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बिना देरी किए घायल सिपाही को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार सिपाही की हालत अब खतरे से बाहर है और उसका उपचार जारी है।
समय पर अस्पताल पहुंचने से सिपाही की जान बच सकी। घटना के बाद पुलिस विभाग में भी चिंता का माहौल रहा, हालांकि सिपाही के सुरक्षित होने की सूचना मिलने पर सभी ने राहत की सांस ली।











