कोर्ट में गवाही देने पर हत्या की धमकी,घर पर फायरिंग का आरोप

हापुड़।
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव होशदारपुर गढ़ी के एक युवक को उसके ही गांव के एक व्यक्ति ने गवाही देने पर हत्या की धमकी दी। शाम के समय आरोपी का पिता पीड़ित के घर पहुंचा और तमंचे से फायरिंग कर दी। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार अनुसार गांव होशदारपुर गढ़ी के सोनू ने बताया कि उसका और गांव के देवेंद्र, उसके पुत्र मोहित और राहुल के बीच न्यायालय में एक वाद चल रहा है। 27 अगस्त 2025 को वह मुकदमे की तारीख के चलते हापुड़ स्थित जेएम प्रथम न्यायालय में गया था।
वहां से लौटते समय जब वह कचहरी के गेट पर पहुंचा, तो मोहित नशे की हालत में वहां आया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। सोनू ने इसका विरोध किया, तो मोहित ने धमकी दी कि यदि वह
न्यायालय में उसके खिलाफ गवाही देगा, तो वह उसे जान से मार देगा। इस घटना के दौरान कचहरी में तैनात पुलिसकर्मियों ने मोहित को डांटा। जिसके बाद वह वहां से भाग गया। पीड़ित ने इस संबंध में कोर्ट में शिकायती पत्र भी दिया।
उसी दिन शाम करीब सात बजे, मोहित ने फिर पीड़ित के घर पहुंचकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद, रात करीब साढ़े सात बजे, उसका पिता देवेंद्र तमंचा लेकर पीड़ित के घर के बाहर पहुंचा और हवाई फायरिंग की। यह वारदात पीड़ित के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












