पिलखुवा के ऋषि कुमार शर्मा गुजरात में देंगे व्याख्यान, स्टेच्यू ऑफ यूनिटी में होगा भारतीय भाषा संगम

*पिलखुवा के ऋषि कुमार शर्मा गुजरात में देंगे व्याख्यान, स्टेच्यू ऑफ यूनिटी में होगा भारतीय भाषा संगम*
*हापुड़/पिलखुवा।* नगर के मंडी मोहल्ला निवासी ऋषि कुमार शर्मा को गुजरात साहित्य अकादमी, गुजरात सरकार द्वारा विषय-विशेषज्ञ वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया है। वे स्टेच्यू ऑफ यूनिटी परिसर, नर्मदा में 28-29 अप्रैल 2026 को आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम “भारतीय भाषा संगम 2.0” में “विकसित भारत का सांस्कृतिक संदर्भ: भारतीय भाषाओं की भूमिका” विषय पर वक्तव्य देंगे।
यह कार्यक्रम 28 अप्रैल को सुबह 10 बजे शुरू होकर 29 अप्रैल शाम 6 बजे संपन्न होगा। इसमें भारत सरकार के संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी और संस्कृति मंत्री जयरामभाई गामित का सान्निध्य प्राप्त होगा। देशभर से 300 से अधिक भाषाविद एवं शिक्षाविद सभी भारतीय भाषाओं का प्रतिनिधित्व करेंगे।
पूर्व उपसचिव हिंदी अकादमी, दिल्ली रहे ऋषि कुमार शर्मा चंद्र शेखर शर्मा के बड़े पुत्र और समाजसेवी मनोज शर्मा जॉनी के बड़े भाई हैं। वे आकाशवाणी दिल्ली से पिछले 30 वर्षों से हिंदी उद्घोषक के रूप में जुड़े हैं। उन्होंने सर्वोदय कॉलेज से इंटर, राणा कॉलेज से बी.ए. और एस.एस.वी. पीजी कॉलेज से हिंदी, भूगोल और इतिहास में एम.ए. किया है।
हिंदी अकादमी में उपसचिव के रूप में उत्कृष्ट कार्य कर उन्होंने अकादमी को नई पहचान दिलाई। वर्तमान में वे अंतर्राष्ट्रीय सहयोग परिषद की शाखा वैश्विक हिंदी परिवार के दिल्ली अध्यक्ष का दायित्व निभा रहे हैं। शहर से गहरे लगाव के चलते वे हर सप्ताह पिलखुवा आकर परिवार व मित्रों से मिलते हैं।
ऋषि कुमार शर्मा को यह सम्मान मिलना पिलखुवा, हापुड़ और आसपास के क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।











