पिता- तीन बच्चों की मौत का जिम्मेदार ट्रक चालक गिरफ्तार

पिता-बच्चों की मौत का जिम्मेदार ट्रक चालक गिरफ्तार
, हापुड़। बाबूगढ़ क्षेत्र में 13 जुलाई को बछलौता फ्लाईओवर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हादसे में पिता और 3 मासूम बच्चों की मौत हो गई थी। जांच में सामने आया कि हादसा अज्ञात वाहन से नहीं, बल्कि हरे तिरपाल वाले ट्रक से हुआ था। आरोपी चालक ने इंसानियत को तार-तार करते हुए सड़क पर गिरे 2 बच्चों को भी कुचल दिया और फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रक बरामद कर लिया है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि शाहजहांपुर के हसनपुर गांव निवासी अशोक अपनी पत्नी रिंकी और तीन बच्चों अनुज, मीनाक्षी व राधिका के साथ बाइक से नोएडा जा रहा था। दोपहर करीब 3:30 बजे जब परिवार बछलौता फ्लाईओवर के पास पहुंचा, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी सड़क पर गिर पड़े। हादसे में अशोक और तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी रिंकी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस जांच में सबसे सनसनीखेज तथ्य सामने आया। सीसीटीवी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान से पता चला कि हरे रंग की तिरपाल से ढका ट्रक बाइक को टक्कर मारकर निकला। हादसे के बाद कुछ लोग और वाहन मौके पर रुके थे। इसी दौरान चालक ने ट्रक रोकने के बजाय उसे आगे बढ़ा दिया।
सड़क पर गिरे दो मासूम बच्चे ट्रक के नीचे आ गए और उनके हाथ-पैर बुरी तरह कुचल गए। अधिकारियों का कहना है कि अगर चालक रुक जाता तो दोनों बच्चों की जान बच सकती थी।
पुलिस ने कई जिलों में दबिश देकर आरोपी की तलाश की। सीसीटीवी फुटेज और वाहन के रूट के आधार पर आरोपी चालक फारूक पुत्र शमशाद, निवासी थाना मुंडाली, जनपद मेरठ को गिरफ्तार कर लिया गया। हादसे में प्रयुक्त ट्रक भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।











