पुलिस ने बिजलीकर्मियों का किया चालान, तो बिजली कर्मियों ने काट दी थानें की बिजली

पुलिस ने बिजलीकर्मियों का किया चालान, तो बिजली कर्मियों ने काट दी थानें की बिजली
हापुड़। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में एक बकायेदार के यहां बिल जमा करवाने को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने संविदा बिजली कर्मियों का शांतिभंग में चालान काट दिया। जिससे क्षुब्ध संविदाकर्मियों ने थाने पर हंगामा करते हुए नोटिस चस्पा कर थाने की बिजली काट दी। जिससे हंगामा हो गया।
थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के ग्राम भसयाना में ग्रामीण रामवतार के यहां लाइनमैन प्रदीप एक अन्य विद्युतकर्मी के साथ पहुंचे और बिजली के बिल का बकाया मांगा। इसके बाद विद्युत कर्मी और बकायेदार में विवाद हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों विद्युत कर्मियों को थाने ले जाया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों का 151 में चालान कर दिया। जैसे ही यह सूचना अन्य विद्युतकर्मियों को मिली विद्युत कर्मी भड़क गए और थाने के बाहर एसपी के नाम नोटिस चस्पा कर थाने की बिजली काट दी और इसके साथ ही पुलिस चौकी की भी बिजली काट दी गई। बिजली कटते ही पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। थाने में विद्युत कर्मियों ने पहुंचकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।












