दहेज के लिए विवाहिता को किया प्रताड़ित, देवर पर दुष्कर्म का आरोप; 5 माह की गर्भवती हुई पीड़िता

दहेज के लिए विवाहिता को किया प्रताड़ित, देवर पर दुष्कर्म का आरोप; 5 माह की गर्भवती हुई पीड़िता
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र का मामला, पति की गैरमौजूदगी में हुई वारदात; पीड़िता की तहरीर पर सास, ननद और देवर के खिलाफ केस दर्ज, जांच शुरू
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और देवर द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुष्कर्म के कारण पीड़िता पांच माह की गर्भवती हो गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने सास, ननद और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अक्टूबर 2025 में हुई थी शादी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी अक्टूबर 2025 में हुई थी। शादी के बाद से ही सास और ननद दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर रही थीं।
*पति के बाहर जाने पर किया दुष्कर्म*
पीड़िता के अनुसार, वह ससुराल में थी और उसका पति बाहर गया हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान देवर ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। देवर काफी समय से उस पर गंदी नजर रखता था। लोकलाज के डर से उसने यह बात किसी को नहीं बताई। बाद में पता चला कि वह पांच माह के गर्भ से है।
पिता को बताया तो दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने बताया कि डरते-डरते उसने आपबीती अपने पिता को फोन पर बताई। आरोप है कि इसके बाद सास, ननद और देवर ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण वह सहमी हुई रहती थी।
थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।











