जिले में 32 स्कूलों के वाहनों की फिटनेस व परमिट वैधता समाप्त

हापुड़(यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)।
जनपद में संचालित दो दर्जन से अधिक नामचीन स्कूल वाहनों की फिटनेस और परमिट की वैधता समाप्त हो चुकी है। इसे देखते हुए प्रशासन ने आमजनमानस से अपील की है,कि जब तक इन वाहनों की फिटनेस/परमिट नवीनीकृत नहीं हो जाते, तब तक इनसे अपने बच्चों का आवागमन न कराएं। ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
सहायक परिवहन अधिकारी रमेश कुमार परिवहन द्वारा जारी सूची के अनुसार जनपद के विभिन्न स्कूलों के कुल 32 से अधिक वाहन बिना वैध फिटनेस के संचालित हो रहे हैं। इनमें आदर्श भारतिया कन्या इंटर कॉलेज, डीएस राम स्वरूप पब्लिक स्कूल, जी.आर. पब्लिक स्कूल, होली चाइल्ड जूनियर हाई स्कूल, मां सरस्वती चैरिटेबल ट्रस्ट, महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल, रामा मेडिकल कॉलेज, शांति शिक्षा निकेतन, श्री प्रमानंद शिक्षा समिति, वंशिका पब्लिक स्कूल, सन फ्लावर पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु सदन, एडोब इंटरनेशनल स्कूल, गीतांजलि पब्लिक स्कूल सहित कई अन्य स्कूल शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि कई वाहनों की फिटनेस 2019, 2020, 2022 और 2023 से ही समाप्त है। वहीं कुछ वाहनों की फिटनेस 2024 और 2025 में समाप्त हुई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन वाहनों की फिटनेस वैध नहीं है, उन पर कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ प्रशासन ने अभिभावकों से अनुरोध किया है कि वे अपने बच्चों को स्कूल भेजने से पहले वाहन की फिटनेस और परमिट अवश्य जांच लें। बिना फिटनेस वाले वाहनों में बच्चों को न बैठाएं।
उन्होंने स्कूल प्रबंधन को निर्देशित करते हुए कहा है कि वे जल्द से जल्द अपने वाहनों की फिटनेस और परमिट का नवीनीकरण कराएं। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों और वाहन स्वामियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











