बिटकोइन में निवेश कर मुनाफे का झांसा देकर लाखों की ठगी, मौलाना सहित चार पर एफआईआर

हापुड़।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर सलामतपुर निवासी व्यक्ति ने गांव की मस्जिद के एक मौलाना समेत चार लोगों पर बिटकोइन में निवेश कर मुनाफे का झांसा देकर उससे नौ लाख पांच हजार सात सौ रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। युवक की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
पीड़ित नईम मोहम्मद ने थाने बताया वर्ष 2024 में एक मौलाना उनके गांव स्थित मस्जिद में इमामत करने आया था। उसकी मौलाना से अच्छी जान पहचान हो गई थी। पीड़ित हापुड़ नगर में स्थित एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता था। उसकी मौलाना से सुबह व शाम को ही बातें होती थीं।
मौलाना ने बिटकोइन में निवेश कर अच्छे मुनाफे की बातें कहते हुए उसे झांसे में ले लिया। मौलाना ने आईटी एक्सपर्ट व इंजीनियर से मिलवाया।
इंजीनियर बताने वाले युवक ने अपने एक पार्टनर से उसे मिलवाया। ‘बातों पर विश्वास कर उसने मौलाना, इंजीनियर व पार्टनर और एक अन्य व्यक्ति के खाते में नौ लाख पांच हजार सात सौ रुपये भेज दिए। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने उसे जमकर पीटा था।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया जांच में कोई दोषी पाया गया उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।












