शरारती तत्वों ने धान के पूआल में लगाई भीषण आग, 20 लाख रुपए का नुक़सान

शरारती तत्वों ने धान के पूआल में लगाई भीषण आग, 20 लाख रुपए का नुक़सान
हापुड़। कपूरपुर थाना क्षेत्र के डहाना गांव में एक किसान के धान के पूआल में भीषण आग लग गई है। बीते 15 घंटों से दमकल विभाग की दो गाड़ियां आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन अभी तक इस पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है। इस घटना में किसान को लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी बबलू सिंह धान के पूआल खरीदकर उन्हें चारे के रूप में काटकर बेचते हैं। वह धान की कटाई के दौरान सैकड़ों बीघे भूमि से पूआल इकट्ठा कर गांव के पास एक खुले मैदान में रखते हैं।
शुक्रवार को बबलू सिंह को सूचना मिली कि उनके पूआल में आग लग गई है। उन्होंने तत्काल दमकल विभाग को सूचित किया, जिसके बाद दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह से नियंत्रण नहीं पाया जा सका था। किसान बबलू सिंह ने बताया कि लगभग 20 लाख रुपए के धान के पूआल जलकर राख हो गए हैं।
बबलू सिंह ने आरोप लगाया है कि किसी शरारती तत्व ने जानबूझकर आग लगाई है ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि दो वर्ष पहले भी उन्हें इसी तरह का नुकसान उठाना पड़ा था। थाना प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह ने इस मामले पर कहा कि शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












