हापुड़ के कारोबारी से मेरठ के हिस्ट्रीशीटर ने मांगी दो लाख रुपए की रंगदारी, डीआईजी से शिकायत

हापुड़।
थाना हापुड़ क्षेत्र निवासीएक कारोबारी से मेरठ के हिस्ट्रीशीटर ने दो लाख रुपए की रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए मोती कालोनी के निवासी कारोबारी उम्रदराज ने डीआईजी से गुहार लगाई है।
रंगदारी न देने पर जान से मारने या झूठे मुकदमे में फंसवाने की धमकी दी है। बताया गया है कि यह हिस्ट्रीशीटर पुलिस के साथ मिलकर झूठे केस दर्ज कराता है और रंगदारी मांगता है।
पीड़ित उम्रदराज ने मेरठ रेंज के डीआइजी कलानिधि नैथानी को साक्ष्य सौंपते हुए दी शिकायत में कहा कि रविवार शाम करीब सात बजे जब वह अपने घर लौट रहे थे, तब मेरठ के थाना किला परीक्षितगढ़ के गांव खजूरी के इमरान नामक हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ उन्हें रोका व गाली-गलौज करने लगा। इमरान नेदो लाख रुपये की मांग की व न देने पर झूठा मुकदमा दर्ज कराकर जेल भिजवाने की धमकी दी। इमरान पर 40 से अधिक केस विभिन्न जिलों में दर्ज हैं। रंगदारी मांगने के बाद से पीड़ित व उनके स्वजन भयभीत हैं। उधर, इस संबंध में सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने कहा कि ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है, लेकिन यदि पीड़ित ने थाने पर शिकायत दी है, तो हम मामले की जांच करेंगे।











