हापुड़ में क्रीड़ा भारती का सात दिवसीय योग शिविर शुरू, ‘स्वस्थ उम्र के लिए योग’ है इस बार की थीम

हापुड़ में क्रीड़ा भारती का सात दिवसीय योग शिविर शुरू, ‘स्वस्थ उम्र के लिए योग’ है इस बार की थीम
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आर्य कन्या पाठशाला में आयोजन, रोज सुबह 5:30 से 7 बजे तक होगा योगाभ्यास; योग क्रीड़ा केंद्र के जरिए चलेगा जागरूकता अभियान
हापुड़। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में क्रीड़ा भारती हापुड़ द्वारा सात दिवसीय योग शिविर जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार को हुआ। आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, स्वर्ग आश्रम रोड में यह शिविर 15 जून से 21 जून तक प्रतिदिन सुबह 5:30 से 7:00 बजे तक चलेगा।
‘योग शरीर, मन और आत्मा का संतुलन’
शिविर के पहले दिन क्रीड़ा भारती के प्रांत अध्यक्ष विशाल मित्तल ने कहा कि हर साल 21 जून को इंटरनेशनल योगा डे मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ उम्र के लिए योग” है। इसका मतलब है कि योग के जरिए न सिर्फ लंबी, बल्कि स्वस्थ और फिट जिंदगी जी जा सकती है। उन्होंने कहा कि योग सिर्फ एक्सरसाइज नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का प्रभावी तरीका है। आज की भागदौड़ और तनाव के बीच योग स्ट्रेस कम करने के साथ शरीर को फिट और दिमाग को शांत रखता है।
*रोज करें योग, लगाएंगे क्रीड़ा केंद्र’
जिला मंत्री व मेरठ प्रांत क्रीड़ा केंद्र प्रमुख मनप्रीत खैरा ने बताया कि क्रीड़ा भारती की कोशिश है कि आज योग शुरू करने वाले लोग इसे रोजाना करें। इसके लिए योग क्रीड़ा केंद्र लगाकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा।
प्रशिक्षकों ने कराया योगाभ्यास
योग प्रशिक्षका प्रीति वर्मा, रूबी शर्मा, बृजेश, आकांक्षा त्यागी, मोहित शर्मा और कुमकुम ने शिविर में मौजूद लोगों को योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। साथ ही नियमित योग से होने वाले लाभ भी बताए।
इस मौके पर जिला महिला मंडल मंत्री सुनीता शर्मा, कोषाध्यक्ष नीलम गुप्ता, जिला संरक्षक बृजेश गर्ग, नगर अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, सुभाष सैनी, अतुल अग्रवाल, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।











