स्टेज-3 कैंसर को मात देकर गुनिका शर्मा बनीं राष्ट्रीय चैंपियन, अब एशिया में करेंगी भारत का नाम रोशन

स्टेज-3 कैंसर को मात देकर
गुनिका शर्मा बनीं राष्ट्रीय चैंपियन, अब एशिया में करेंगी भारत का नाम रोशन
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)। नगर के श्रीमती कमला अग्रवाल गर्ल्स स्कूल की प्रिंसिपल पारूल शर्मा की भतीजी गुनिका ने ब्रेन ट्यूमर और स्टेज-3 कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी को मात देकर ताइक्वांडो में देश का नाम ऊंचा किया है।
बेंगलुरु में हुई 4th नेशनल पैरा ताइक्वांडो चैंपियनशिप में इंदौर की गुनिका ने पी-35 पूमसे इवेंट में स्वर्ण पदक जीता। इस शानदार प्रदर्शन के बाद अब वह एशियन पैरा ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कमला अग्रवाल गर्ल्स स्कूल की प्रिंसिपल पारूल शर्मा ने बताया कि गुनिका महज 3 साल की उम्र में ‘मेड्यूलोब्लास्टोमा’ यानी ब्रेन ट्यूमर से जूझी थीं। 2009 का वो दौर बेहद मुश्किल था, जब डॉक्टरों ने भी उम्मीद छोड़ दी थी। ऑपरेशन के बाद गुनिका को 55% शारीरिक अक्षमता और हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन गुनिका ने हार नहीं मानी।
गुनिका के इस सफर पर परिवार को भी गर्व है। परिवार का कहना है कि तीन साल की उम्र में ऑपरेशन के बाद जब उसे जीवन का दूसरा मौका मिला तो लगा जैसे भगवान ने एक और मौका दिया। आज 20 साल की गुनिका जिंदगी से भरपूर है और सीखने का जज्बा उसमें कूट-कूट कर भरा है।











