साइबर ठगों ने युवक का मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 90 हजार

साइबर ठगों ने युवक का मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 90 हजार
हापुड़ । साइबर ठगों ने गढ़मुक्तेश्वर में एक युवक का मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाते से 90 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने न किसी लिंक पर क्लिक किया और न ही ओटीपी शेयर किया, फिर भी खाते से रकम निकल गई। मामले में पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल और गढ़ कोतवाली में शिकायत दी है।
गढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला होली निवासी राहुल शर्मा ने बताया कि रविवार को वह मोबाइल पर जरूरी काम कर रहे थे। तभी अचानक फोन की स्क्रीन अपने आप चलने लगी और मोबाइल असामान्य तरीके से काम करने लगा। हैकिंग की आशंका पर उन्होंने तुरंत फोन स्विच ऑफ कर दिया।
कुछ देर बाद फोन ऑन कर बैंकिंग ऐप खोला तो खाते से 90 हजार रुपये निकले मिले। राहुल का कहना है कि उन्होंने किसी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं किया था और न ही बैंक की कोई गोपनीय जानकारी किसी से साझा की थी।
घटना के बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और गढ़ कोतवाली में तहरीर देकर रकम वापस दिलाने की मांग की। सीओ राहुल यादव ने बताया कि साइबर सेल की मदद से लेनदेन की डिटेल निकाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।











