संदिग्ध परिस्थितियों में दो छात्राएं हुई लापता, एफआईआर दर्ज

हापुड़।
थाना हापुड़ देहात क्षेत्र से दो छात्राएं संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। इनमें कक्षा दसवीं और कक्षा 11 वीं की छात्राएं शामिल हैं। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़ितों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
देहात थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि परिजनों के अनुसार उसकी दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी 13 दिसंबर की सुबह आठ बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। हालांकि, वह न तो स्कूल पहुंची और न ही घर लौटी। मां ने स्कूल से संपर्क किया तो पता चला कि छात्रा स्कूल आई ही नहीं थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर एक अन्य मोहल्ले के निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी स्वर्ग आश्रम रोड स्थित एक इंटर कॉलेज में 11 वीं कक्षा की छात्रा है। 15 दिसंबर को मोहल्ले का ही रहने वाला युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर छात्रा को सकुशल बरामद करने का आश्वासन दिया है।












